नईदिल्ली (05 नवंबर 26)। अग्निवीरों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर एक बड़ा बदलाव किया गया। इसके तहत अग्निवीरों के कार्यकाल को दो साल तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। इस बदलाव से अग्निवीरों को सेना में सेवा देने का अधिक समय मिल सकेगा। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि कैबिनेट ने सभी अग्निवीरों के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का रास्ता खोल दिया है। उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय रक्षा बलों और अग्निवीरों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अग्निवीरों के प्रदर्शन को देखते हुए सरकार ने यह अहम कदम उठाया है।
CDS ने बताया कि अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी। योजना शुरू करते समय ही यह स्पष्ट किया गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा और समय-समय पर योजना की समीक्षा भी होगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों का पहला बैच अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है। पिछले चार वर्षों में उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया है, जिसमें काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। जनरल एनएस राजा सुब्रमणि के अनुसार, अब तक योजना के तहत प्रदर्शन और योग्यता के आधार पर 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल करने का प्रावधान था। वहीं, बाकी 75 प्रतिशत अग्निवीर चार साल की सेवा पूरी करने के बाद अनुशासित और प्रशिक्षित युवाओं के रूप में समाज में वापस लौटते थे। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के काम और प्रदर्शन को लेकर मिले सकारात्मक फीडबैक के आधार पर यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अग्निपथ योजना के तहत युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना में चार साल के लिए अग्निवीर के रूप में भर्ती किया जाता है। चार साल की सेवा पूरी होने के बाद प्रदर्शन और सेना की जरूरत के आधार पर अधिकतम 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल किया जा सकता है, लेकिन अब सेवा करने का समय बढ़ाया गया है।